कायमगंज ब्लॉक परिसर में तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर एवं जनकल्याण मेले का भव्य शुभारंभ

कायमगंज, फर्रुखाबाद : आम जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने और विभिन्न विभागों की सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से ब्लॉक परिसर कायमगंज में तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर एवं जनकल्याण मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन पूर्व जिलाध्यक्ष रुपेश गुप्ता ने फीता काटकर किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनका लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं भी पूरी कराई गईं। मेले में विशेष रूप से स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग तथा उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविर में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें विभिन्न बीमारियों से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। वहीं कृषि विभाग के स्टॉल पर किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत बीज, फसल सुरक्षा एवं कृषि संबंधी नवीन तकनीकों की जानकारी दी गई। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार, स्वयं सहायता समूहों और आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।

Also Read – UP: अखिलेश यादव की बेटी पर अभद्र टिप्पणी मामले में CM योगी सख्त, FIR के दिए निर्देश

उद्घाटन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सरकार की मंशा है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। ऐसे जनकल्याण मेलों के माध्यम से आमजन को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हो रही हैं, जिससे लोगों का समय और धन दोनों की बचत हो रही है।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अनुराधा दुबे, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अरुण दुबे, संदेश राजपूत, मनोज तिवारी, शुभम पाठक सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। मेले में पहुंचे लोगों ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सरकार की इस पहल की सराहना की।

तीन दिनों तक चलने वाले इस जनकल्याण मेले में स्वास्थ्य, कृषि, आजीविका, सामाजिक कल्याण तथा अन्य विभागों द्वारा जनहित से जुड़ी सेवाएं एवं योजनाओं की जानकारी आम जनता को उपलब्ध कराई जाएगी। इससे क्षेत्र के लोगों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)