UP: उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी (सपा) को लेकर एक नए दावे ने हलचल मचा दी है। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया है कि समाजवादी पार्टी के भीतर बड़े स्तर पर टूट की स्थिति बन रही है।
समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होगी। राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी को चिट्ठी सौंपी है।
खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट घोटाला का मास्टरमाइंड कौन है, पूरा उत्तर प्रदेश जानता है। शिकंजा कस रहा है तो सपा परेशान है।
महाराष्ट्र बंगाल छोड़िए, समूची सपा, भाजपा में…
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) June 17, 2026
रामगोपाल यादव और अमित शाह की मुलाकात का दावा
ओपी राजभर ने कहा कि सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर उन्हें एक पत्र सौंपा है। उन्होंने इस दावे को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी पोस्ट किया और कहा कि आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
खनन और गोमती रिवर फ्रंट घोटाले का किया जिक्र
राजभर ने अपने बयान में खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट परियोजना में कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इन मामलों का मास्टरमाइंड कौन है, यह प्रदेश की जनता अच्छी तरह जानती है। उनके अनुसार जैसे-जैसे जांच का दायरा बढ़ रहा है, वैसे-वैसे समाजवादी पार्टी की बेचैनी भी बढ़ रही है।
पूरी सपा भाजपा में आने को तैयार : राजभर
सुभासपा प्रमुख ने दावा करते हुए कहा कि महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल जैसे राजनीतिक घटनाक्रम अब पुरानी बातें हो गई हैं। उनका कहना था कि मौजूदा समय में पूरी समाजवादी पार्टी भाजपा में शामिल होने के लिए तैयार बैठी है, जिससे प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं।
Also Read: अखिलेश यादव का गंभीर आरोप, बोले- चुनाव आयोग की ‘बेईमानी’ से हारे रामपुर व आजमगढ़ का लोकसभा उपचुनाव
भाजपा पर हमलावर रहे हैं रामगोपाल यादव
गौरतलब है कि हाल ही में सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव रामगोपाल यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना जरूरी है। इसके अलावा उन्होंने सरकार पर जनता के पैसे के दुरुपयोग और फर्जी एनकाउंटर कराने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए थे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)










































