मोहर्रम को लेकर चिलुआताल थाने पर पीस कमेटी की बैठक, एसडीएम सदर ने दिए सख्त निर्देश
परंपरागत मार्गों से ही निकलेंगे जुलूस, नई परंपरा पर रोक; शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
गोरखपुर। मोहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से चिलुआताल थाने पर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने की। इस दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं और शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मोहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी ताजिया और जुलूस पूर्व निर्धारित एवं पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएं। त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन और जनता दोनों की साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र, धारदार हथियार अथवा आपत्तिजनक सामग्री का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाएगा, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
एसडीएम ने उपस्थित लोगों से अपील की कि यदि कोई असामाजिक तत्व माहौल खराब करने का प्रयास करे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें। उन्होंने अफवाहों से बचने और सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक सूचना को साझा न करने की भी सलाह दी।
बैठक में सीओ कैम्पियरगंज अनुराग सिंह ने कहा कि पुलिस प्रशासन मोहर्रम को लेकर पूरी तरह सतर्क है। जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष चिलुआताल सूरज सिंह ने क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बैठक के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और जुलूस मार्गों की स्थिति को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि मोहर्रम के दौरान किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो।
इस अवसर पर चौकी प्रभारी मजनू, फर्टिलाइजर और बरगदवा सहित अन्य पुलिसकर्मी एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने का संकल्प लिया।
अंत में एसडीएम सदर ने कहा कि प्रशासन और जनता के आपसी सहयोग से ही किसी भी पर्व को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सकता है। उन्होंने सभी से भाईचारा बनाए रखने और कानून-व्यवस्था का पालन करने की अपील की।













































