UP: रायबरेली में घर की बहू ही निकली चोरी की मास्टरमाइंड, प्रेमी संग मिलकर की थी 6 लाख की चोरी, तीन गिरफ्तार

UP: रायबरेली जिले के डीह थाना क्षेत्र में हुई चोरी की एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हैरानी की बात यह है कि इस मामले में घर की ही पुत्रवधू का नाम सामने आया है। पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब छह लाख रुपये मूल्य के जेवरात और 16 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

डीह थाना प्रभारी जितेंद्र मोहन सरोज के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि चोरी की घटना में शामिल लोग क्षेत्र से बाहर जाने की तैयारी में हैं। इसके बाद ग्राम दक्षिणी गोसाईं स्थित नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दक्षिणी गोसाईं निवासी अरविंद गिरि, अमेठी के फुरसतगंज क्षेत्र के हिमाचल का पुरवा निवासी शक्ति यादव और वादी की पुत्रवधू पूनम गिरि शामिल हैं।

Also Read: UP: भाभी के प्यार में अंधा हुआ मौसेरा भाई, रात के सन्नाटे में चारपाई पर सो रहे भाई का बांके से काट डाला चेहरा, गिरफ्तार

पूछताछ में सामने आई साजिश की पूरी कहानी

पुलिस पूछताछ के दौरान पूनम गिरि ने स्वीकार किया कि उसके पड़ोसी अरविंद गिरि के साथ उसके करीबी संबंध थे। उसने पहले अपने कुछ गहने अरविंद को दिए थे, लेकिन जब उसने उन्हें वापस मांगा तो अरविंद ने इंकार कर दिया। इसके बाद दोनों ने मिलकर ससुराल में चोरी की योजना बनाई, ताकि गहनों की भरपाई की जा सके। इस साजिश में अरविंद के साथी शक्ति यादव को भी शामिल किया गया।

मौका मिलते ही घर के अंदर बुलाए साथी

पुलिस के मुताबिक, 13 जून की रात जब परिवार का एक सदस्य अपनी पत्नी के साथ ससुराल गया हुआ था, तब पूनम ने अपने दोनों साथियों को घर के अंदर प्रवेश कराया। तीनों ने मिलकर अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। वारदात के बाद सामान लेकर आरोपी वहां से निकल गए।

खुद ही मचाया शोर, लेकिन जांच में खुल गई पोल

घटना के अगले दिन पूनम ने खुद को अनजान दिखाते हुए घर में चोरी होने का शोर मचाया, ताकि किसी को उस पर शक न हो। हालांकि पुलिस की जांच और पूछताछ में पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)