UP: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा ‘पीडीए’ (PDA) की नई व्याख्या में ‘A’को आदिवासी से जोड़ने पर सुभासपा अध्यक्ष और योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने तीखा हमला बोला है। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव समय-समय पर PDA के ‘A’ का अलग-अलग अर्थ बताते रहे हैं और अब इसे आदिवासी से जोड़कर राजनीतिक भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
PDA की परिभाषा पर राजभर का कटाक्ष
ओपी राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव पहले ‘A’ को अल्पसंख्यक और अगड़ा बता चुके हैं। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि उन्हें आशंका है कि कहीं भविष्य में कोई सम्मेलन कर अखिलेश यादव यह न कह दें कि ‘A’ का मतलब आतंकवादी भी होता है। राजभर ने आरोप लगाया कि तुष्टीकरण की राजनीति के चलते समाजवादी पार्टी लगातार अपने राजनीतिक एजेंडे के अनुसार PDA की परिभाषा बदलती रही है।
‘राजा बाबू’ से की तुलना
राजभर ने समाजवादी पार्टी की पूर्व सरकारों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में वाराणसी सीरियल ब्लास्ट, लखनऊ और फैजाबाद कोर्ट ब्लास्ट के आरोपियों के मुकदमे वापस लेने की कोशिश की गई थी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के बदलते राजनीतिक रुख को देखकर उन्हें अभिनेता गोविंदा की फिल्म ‘राजा बाबू’ याद आती है, जिसमें किरदार अलग-अलग भूमिकाएं निभाता नजर आता है। राजभर ने कहा कि इसी तरह अखिलेश यादव भी समय और परिस्थिति के अनुसार अपनी राजनीतिक व्याख्याएं बदलते रहते हैं, इसलिए उन्हें भारतीय राजनीति का ‘राजा बाबू’ कहा जा सकता है।














































