उत्तर प्रदेश : बाराबंकी में अज्ञात जीव के काटने से 7 वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम

बाराबंकी : फतेहपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम डडियामऊ में गुरुवार एक दर्दनाक घटना में 7 वर्षीय बालिका की मौत हो गई. परिजनों के अनुसार बच्ची को किसी अज्ञात जीव ने काट लिया था, जिसके बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई. गांव निवासी दिलीप कुमार की पुत्री खुशी गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे घर के बाहर खेल रही थी. इसी दौरान उसके दाहिने पैर में किसी अज्ञात जीव ने काट लिया. शुरुआत में परिवार के लोगों को घटना की गंभीरता का अंदाजा नहीं हुआ, लेकिन कुछ ही देर में बच्ची की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी.

हालत गंभीर होने पर खुशी ने अपने पिता को इसकी जानकारी दी. बेटी की बिगड़ती स्थिति देखकर पिता उसे तत्काल निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर लेकर रवाना हुए. परिजनों का आरोप है कि रास्ते में रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण उन्हें काफी देर तक रुकना पड़ा, जिससे अस्पताल पहुंचने में विलंब हुआ.

Also Read: UP के इस जिले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.31 करोड़ की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, तस्कर गिरफ्तार

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने बच्ची की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया। यह सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. मृतका के पिता दिलीप कुमार ने कहा कि यदि रेलवे क्रॉसिंग पर अधिक समय तक रुकना न पड़ता और वे समय पर अस्पताल पहुंच जाते, तो शायद उनकी बेटी की जान बचाई जा सकती थी.

घटना के बाद गांव में शोक की लहर है. वहीं, अज्ञात जीव के काटने से हुई इस मौत ने ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल पैदा कर दिया है.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)