UP: मुगलसराय-चंदौली कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर में शुक्रवार देर रात 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। युवती का शव घर के एक कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान, परिवार की आर्थिक स्थिति
मृतका की पहचान खुशी सिंह (19) पुत्री बबलू सिंह के रूप में हुई है। परिवार स्थानीय सभासद आरती यादव के मकान में किराए पर रहता है। खुशी के पिता ऑटो चालक हैं और उसी से परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बताया गया कि खुशी पांच बहनों में चौथे नंबर की थी। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
बिना सूचना अंतिम संस्कार की तैयारी पर पहुंची पुलिस
जानकारी के अनुसार, घटना के बाद परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाया, शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी।
दार्जिलिंग यात्रा को लेकर विवाद की चर्चा
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि खुशी कुछ दिन पहले अपने दोस्तों के साथ बिना परिवार को बताए दार्जिलिंग घूमने गई थी। घर लौटने पर इस बात को लेकर परिवार में विवाद और नाराजगी हुई थी। हालांकि पुलिस ने इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
Also Read: करोड़ों की पैतृक जमीन का खेल! तहसीलदार, पटवारी और पिता-पुत्र पर एफआईआर
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल परिजनों, पड़ोसियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

















































