बाराबंकी : रामनगर थाना क्षेत्र के चौकाघाट रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. शव करीब एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है. अधिक समय बीत जाने के कारण शव पूरी तरह सड़ चुका था और उसमें कीड़े पड़ गए थे, जिससे तेज दुर्गंध उठ रही थी.
जानकारी के अनुसार, घाघरा पुल से करीब एक किलोमीटर पहले दुर्गापुर मोड़ के पास चौकाघाट रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में शव पड़ा हुआ था. रेलवे विभाग में तैनात सब इंस्पेक्टर संजीव कुमार यादव की नजर झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी. उन्होंने तत्काल इसकी सूचना चौकाघाट रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर अब्दुल्ला मंसूरी को दी. स्टेशन मास्टर ने मामले की जानकारी रामनगर थाना पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मौके पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर वीरपाल सिंह ने बताया कि शव प्रथम दृष्टया करीब एक सप्ताह पुराना प्रतीत हो रहा है. शव पूरी तरह सड़ जाने के कारण मृतक की पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
पुलिस के अनुसार, मृतक के पास से ऐसी कोई वस्तु नहीं मिली, जिससे उसकी पहचान हो सके. प्रथम दृष्टया मृतक हिंदू समुदाय का प्रतीत हो रहा है. उसके हाथ में कलावा बंधा मिला है. पुलिस आसपास के गांवों और क्षेत्रों में जानकारी जुटाकर मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है.
मामले की जांच में सब इंस्पेक्टर वीरपाल सिंह के साथ आरक्षी सुजीत कुमार, अमित कुमार विश्वकर्मा, पुनीत कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी जुटे रहे. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल अज्ञात शव मिलने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)










































