UP: सपा का अनोखा प्रदर्शन, खून से लिखा पीएम मोदी को पत्र, गाय को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने की मांग

UP: वाराणसी में समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं ने गाय को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने की मांग को लेकर सोमवार को अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय पहुंचे पार्टी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम अपने खून से पत्र लिखकर केंद्र सरकार से इस संबंध में जल्द फैसला लेने की अपील की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने मांग के समर्थन में नारेबाजी भी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा नेता जीशान अंसारी ने कहा कि उनकी पार्टी लंबे समय से गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग उठाती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार ज्ञापन सौंपने और विभिन्न माध्यमों से सरकार का ध्यान आकर्षित करने के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। इसी कारण इस बार प्रतीकात्मक रूप से रक्त से पत्र लिखकर अपनी बात प्रधानमंत्री तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। इस दौरान एक लैब टेक्नीशियन की मौजूदगी में रक्त लेकर पत्र तैयार किया गया।

Also Read: ‘भाजपा का ‘लंकाकांड’ अयोध्या में ही होगा…’, राम मंदिर चढ़ावा घोटाले पर अखिलेश यादव का सरकार पर हमला

जीशान अंसारी ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनावों के दौरान गाय के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया था, लेकिन सरकार बनने के बाद इस विषय पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। उनका कहना था कि यदि सरकार वास्तव में गाय को माता का सम्मान देती है, तो उसे आधिकारिक रूप से राष्ट्र माता का दर्जा देने में देरी नहीं करनी चाहिए।

सपा नेताओं ने यह भी कहा कि देश के करोड़ों लोगों की गाय के प्रति गहरी धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था है। उनका मानना है कि गोवंश की सुरक्षा और संरक्षण के लिए प्रभावी कानूनों को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में इस मुद्दे पर केवल राजनीतिक बयान दिए जा रहे हैं, जबकि स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित प्रयास नहीं हो रहे हैं।

Also Read:‘जमीन खाने के मामले में सैफई परिवार का पुराना रिकॉर्ड और अनुभव…’, ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना

प्रदर्शन में शामिल अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी मांग दोहराते हुए कहा कि गाय आस्था का विषय है और इसे राजनीतिक विवाद से अलग रखा जाना चाहिए। उनका कहना था कि यदि सरकार गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देती है, तो इस मुद्दे पर होने वाली राजनीति भी काफी हद तक समाप्त हो सकती है। सपा नेताओं ने बताया कि वे पहले भी कई बार प्रदर्शन और ज्ञापन के माध्यम से अपनी मांग सरकार तक पहुंचा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक निर्णय सामने नहीं आया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)