UP: एटीएम कार्ड बदलकर लाखों की ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, 7 एटीएम कार्ड, 209 ग्राम चरस और बाइक बरामद

UP: सहारनपुर थाना कोतवाली नगर पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रकम उड़ाने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 7 एटीएम कार्ड, 209.03 ग्राम अवैध चरस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। आरोपी की पहचान उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के भगवानपुर थाना क्षेत्र स्थित खानपुर गांव निवासी सुमित पुत्र छोटेलाल के रूप में हुई है।

सघन चेकिंग अभियान में पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली नगर पुलिस ने प्रभात सिनेमा के पीछे से आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से संदिग्ध सामान मिलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Also Read: रायबरेली में बैंक चेकिंग के नाम पर ठगी, बस स्टॉप पर वृद्ध से सोने की चेन और अंगूठी लेकर फरार हुए शातिर

एटीएम पर लोगों को बनाता था निशाना, अपनाता था नया तरीका

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह एटीएम पर आने वाले ग्राहकों को बातचीत में उलझाकर उनका पिन नंबर देख लेता था। इसके बाद मौका मिलते ही उनका एटीएम कार्ड बदल देता और दूसरे एटीएम से उनके खाते से नकदी निकाल लेता था। उसने यह भी बताया कि कई बार वह एटीएम की कैश आउटलेट में प्लास्टिक की पट्टी फंसा देता था, जिससे ग्राहकों की निकाली गई रकम मशीन में ही अटक जाती थी। ग्राहक के चले जाने के बाद वह पट्टी हटाकर फंसी हुई नकदी लेकर फरार हो जाता था।

सहारनपुर समेत कई जगहों पर ठगी की वारदात कबूली

आरोपी ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि उसने 4 मई को सहारनपुर के खलासी लाइन स्थित एक एटीएम से इसी तरीके से 55 हजार रुपये की ठगी की थी। इसके अलावा उसने रुड़की और रोशनपुरा इलाके में भी एटीएम कार्ड बदलकर लोगों से धोखाधड़ी करने की बात कबूल की है। पुलिस अब इन मामलों से जुड़े अन्य साक्ष्यों और शिकायतों का भी मिलान कर रही है।

Also Read: करोड़ों की पैतृक जमीन का खेल! तहसीलदार, पटवारी और पिता-पुत्र पर एफआईआर

चरस तस्करी के नेटवर्क की भी होगी जांच

बरामद चरस के संबंध में आरोपी ने बताया कि वह इसे एक अज्ञात व्यक्ति से खरीदकर अधिक कीमत पर बेचता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड, उसके संपर्कों और संभावित सहयोगियों की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)