फर्रुखाबाद: कायमगंज में गौकशी कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

फर्रुखाबाद: कायमगंज कोतवाली पुलिस ने गौकशी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए छह दिन के भीतर घटना का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है, जबकि मामले का एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी, हथियार और सामान बरामद

पुलिस के मुताबिक बुधवार देर रात उपनिरीक्षक आशीष कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने टेढ़ीकोन चौराहे के पास घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो अवैध 315 बोर तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, घटना में इस्तेमाल की गई छोटी-बड़ी छुरियां तथा रस्सी बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

Also Read: यूपीटीईटी परीक्षा को लेकर अलर्ट रहा पुलिस प्रशासन, एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

पूछताछ में कबूला वारदात का पूरा घटनाक्रम

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 28 जून की शाम उनके साथी चांद मियां ने गाय की रेकी की थी। इसके बाद चारों ने मिलकर कटरा रहमत खां क्षेत्र से गाय और उसके बछड़े को पकड़कर मंजूरमीर स्थित केले के खेत में ले जाकर गौकशी की। आरोपियों ने मांस को बोरियों में भरकर अपने-अपने घर पहुंचा दिया, जबकि पशु के अवशेषों को ठिकाने लगाने का काम फरार आरोपी चांद मियां ने किया।

ग्रामीणों की सूचना से शुरू हुई जांच, छह दिन में खुलासा

अगले दिन खेत में खून और अन्य अवशेष मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, कोतवाली प्रभारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। वैज्ञानिक साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस ने महज छह दिनों के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

Also Read: उत्तर प्रदेश : रायबरेली में कोर्ट का कड़ा रुख; किशोरी से दुष्कर्म के दोषी को 10 साल के लिए भेजा जेल

दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास, एक की तलाश जारी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कटरा रहमत खां निवासी रफीक अहमद उर्फ राजू, अताईपुर खटको निवासी सिमरती उर्फ पप्पू और अताईपुर जदीद निवासी गुड्डू उर्फ सलीम खां के रूप में हुई है। चौथा आरोपी चांद मियां उर्फ चांद अभी फरार है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि गिरफ्तार दो आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है और वे पूर्व में भी गौकशी के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के साथ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की है।

Input- Abhishek Gupta

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.