मिर्जापुर : जिले के संतनगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक की 440 वोल्ट विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
जानकारी के अनुसार, संतनगर थाना क्षेत्र के निवासी रामबालक (22) पुत्र स्वर्गीय गणेश कोल शुक्रवार को रात भोजन करने के बाद घर की छत पर सोने गया था. देर रात शौच के लिए उठने के दौरान वह छत के ऊपर से गुजर रही 440 वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आ गया. करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद परिजन तत्काल उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही संतनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस मामले की जांच में जुटी है. रामबालक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में शोक का माहौल है.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)













































