सैफई : क्षेत्र के नगला वैश्य गांव के पास शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब के नशे में एक युवक 33 केवी विद्युत लाइन के खंभे पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस, डायल-112 और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। करीब चार घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे और लगातार समझाइश के बाद युवक सकुशल नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस ने उसे स्वजनों के सुपुर्द कर दिया।
घटना शाम की है। चौबिया थाना क्षेत्र के नगला करोड़ी निवासी राम खिलाड़ी यादव अचानक नगला वैश्य गांव के पास 33 केवी विद्युत लाइन के खंभे पर चढ़ गया। ऊंचे खंभे पर युवक को चढ़ा देख आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह राठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डायल-112 और फायर ब्रिगेड की टीम ने भी बचाव अभियान शुरू कर दिया।
पुलिस और ग्रामीण लगातार युवक को समझाकर नीचे उतरने की अपील करते रहे, लेकिन वह काफी देर तक खंभे पर ही बैठा रहा। किसी भी अनहोनी की आशंका को देखते हुए मौके पर पूरी सतर्कता बरती गई और बचाव दल लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहा।
ग्रामीणों के अनुसार राम खिलाड़ी यादव शराब और गांजे का आदी है तथा पहले भी कई बार मोबाइल टावर और बिजली के खंभों पर चढ़ चुका है। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब नौ बजे वह सुरक्षित नीचे उतर आया।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.















































