UP: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार सुबह आम्बेडकरनगर के बेवाना थाना क्षेत्र में नोएडा एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने एक लाख रुपये के इनामी अपराधी आसिफ उर्फ विक्की को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के मुताबिक आसिफ कानपुर नगर के धुरैया मरकरपुर का रहने वाला था और लंबे समय से फरार चल रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की, लेकिन खुद को घिरता देख उसने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ में STF का जवान घायल, हथियार और बाइक बरामद
इस मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से हुई गोलीबारी में यूपी एसटीएफ के सिपाही ओमनाथ चौहान भी घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल से .32 बोर की पिस्तौल, 12 बोर का देसी हथियार, बड़ी संख्या में कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
हत्या, डकैती और लूट सहित 25 से ज्यादा मुकदमों का था आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आसिफ उर्फ विक्की का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या, डकैती, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत 25 से अधिक गंभीर मुकदमे विभिन्न जिलों में दर्ज थे। वर्ष 2013 में सुल्तानपुर में डकैती के दौरान हत्या, 2014 में जौनपुर के शाहगंज में परिवार को बंधक बनाकर लूट और दो महिलाओं की हत्या, 2015 में कौशांबी और मुजफ्फरनगर में कई संगीन वारदातों को अंजाम देने के आरोप उस पर थे। इसके अलावा वर्ष 2021 में कानपुर देहात के रसूलाबाद में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में भी वह वांछित था।
बहराइच में 25 हजार के इनामी बदमाश के पैर में लगी गोली
वहीं बहराइच जिले में भी पुलिस और एक वांछित अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई। थाना कैसरगंज क्षेत्र में गोकशी के आरोपी और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश अशरफ उर्फ टन्ने को पुलिस ने पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह हरनी गांव से प्यारेपुर जाने वाले मार्ग पर पुलिया के पास मौजूद है। घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया।
तमंचा और कारतूस बरामद, अस्पताल में चल रहा इलाज
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अशरफ उर्फ टन्ने के कब्जे से एक देशी तमंचा, जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और प्रदेश में वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।













































