UP: उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आगरा के तत्कालीन एआरटीओ ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर छापेमारी की। दो दिन तक चली तलाशी में टीम को करीब 1.62 करोड़ रुपये नकद, 13 किलोग्राम सोना, 9 किलोग्राम चांदी, हीरे-जवाहरात और अन्य कीमती सामान मिला। प्रारंभिक आकलन के अनुसार बरामद आभूषणों और कीमती धातुओं की कुल कीमत लगभग 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
2024 में दर्ज हुआ था भ्रष्टाचार का मामला
विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक ललित कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वर्ष 2024 में मुकदमा दर्ज किया गया था। शासन के निर्देश पर चल रही जांच के क्रम में 7 और 8 जुलाई को अलीगंज स्थित उनके आवास की तलाशी ली गई। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी, आभूषण और अन्य संपत्तियों से जुड़े अहम दस्तावेज बरामद हुए, जिनकी जांच जारी है।
कई जिलों में संपत्तियों के दस्तावेज मिले
छापेमारी के दौरान जांच टीम को लखनऊ, नोएडा, बाराबंकी और रायबरेली समेत कई स्थानों पर स्थित मकानों, आवासीय प्लॉटों, फ्लैटों और कृषि भूमि से जुड़े दस्तावेज भी मिले। इसके अलावा बैंक खातों, डाकघर योजनाओं, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में एक करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से संबंधित रिकॉर्ड भी बरामद किए गए हैं। इन सभी संपत्तियों की वैधता और स्रोत की जांच की जा रही है।
दो कारें, रिवॉल्वर और महंगे घरेलू सामान भी मिले
तलाशी के दौरान विजिलेंस टीम ने टोयोटा इनोवा और हुंडई आई-20 कार भी बरामद की। साथ ही एक लाइसेंसी रिवॉल्वर, महंगे घरेलू उपकरण और मकान की साज-सज्जा पर किए गए बड़े खर्च से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। अधिकारियों का मानना है कि बरामद सामग्री जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकती है।
Also Read: राम मंदिर चढ़ावा घोटाला: चंपत राय का इस्तीफा मंजूर, कृष्ण मोहन बनाए गए अंतरिम महासचिव
जांच जारी, टीम को मिलेगा पुरस्कार
विजिलेंस का कहना है कि मामले में बरामद सभी दस्तावेजों और संपत्तियों की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली लखनऊ सेक्टर की विजिलेंस टीम को पुलिस महानिदेशक और निदेशक सतर्कता ने एक लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)















































