गोरखपुर। विदेश से संचालित साइबर फ्रॉड मामले की जांच के सिलसिले में बुधवार तड़के NIA (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) और ATS (आतंकवाद निरोधक दस्ता) की संयुक्त टीम ने तिवारीपुर थाना क्षेत्र के इलाहीबाग स्थित माई धिया गढ़ही मोहल्ले में छापेमारी की। टीम ने एक पेंट कारोबारी जमाल अहमद के घर पर तलाशी ली।
सुबह 5 बजे शुरू हुई कार्रवाई
भोर में करीब 5 बजे 5-6 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंची NIA-ATS की टीम को देखकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। टीम ने घर में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, मोबाइल फोनों और दस्तावेजों की गहन तलाशी ली।
विशाखापट्टनम साइबर फ्रॉड केस से जुड़ी छापेमारी
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई विशाखापट्टनम में दर्ज एक साइबर फ्रॉड मामले से जुड़ी है। जांच एजेंसियों को विदेश से संचालित साइबर ठगी नेटवर्क से संभावित कनेक्शन की आशंका है। इसी आधार पर पेंट कारोबारी जमाल अहमद के घर पर छापा मारा गया।
मोबाइल और दस्तावेज जब्त
जांच टीम ने जमाल अहमद और उनके परिवार के सदस्यों के मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उनकी पड़ताल की। घर से मिले दस्तावेजों और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी बारीकी से जांच की गई। कार्रवाई कई घंटे तक चली। सुबह करीब 10 बजे एक मजिस्ट्रेट को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने पूरी प्रक्रिया की निगरानी की।
स्थानीय पुलिस ने दिया सहयोग
तिवारीपुर थाना प्रभारी अपने बल के साथ पूरे समय मौके पर डटे रहे। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि मामले की जांच NIA-ATS कर रही है। स्थानीय पुलिस केवल सहयोग दे रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।















































