UP: बहराइच में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, एसपी ने कई थाना प्रभारियों के किए तबादले

UP: बहराइच जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने पुलिस महकमे में व्यापक फेरबदल किया है। जारी तबादला सूची के अनुसार आठ निरीक्षकों और पांच उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। इस प्रशासनिक बदलाव के तहत कई थानाध्यक्षों, प्रभारी निरीक्षकों और अन्य अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

कई थाना प्रभारियों को मिली नई तैनाती

तबादला आदेश के अनुसार, रूपईडीहा के प्रभारी निरीक्षक रमेश रावत को पुलिस अधीक्षक का वाचक बनाया गया है, जबकि रानीपुर में तैनात निरीक्षक हरेंद्र कुमार मिश्रा को प्रभारी निरीक्षक रूपईडीहा नियुक्त किया गया है। वहीं, साइबर थाना अपराध शाखा में प्रभारी मीडिया सेल के रूप में कार्यरत निरीक्षक जितेंद्र कुमार यादव को नवाबगंज का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। नवाबगंज के प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर यादव को अब डीसीआरबी प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Also Read: UP: मथुरा में पुलिस मुठभेड़, हत्या के मामले में वांछित दो बदमाश गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली

सीमा क्षेत्र और विशेष शाखाओं में भी बदलाव

भारत-नेपाल सीमा से सटे मूर्तिहा थाना के प्रभारी निरीक्षक रामनरेश को आईजीआरएस प्रभारी बनाया गया है। वहीं, आईजीआरएस में तैनात निरीक्षक अभिनय कुमार सिंह को प्रभारी मीडिया सेल का दायित्व दिया गया है। पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक ब्रह्मा गोंड को मोतीपुर थाना का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, पुलिस अधीक्षक के वाचक विवेक यादव को साइबर क्राइम पुलिस थाना का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।

उपनिरीक्षकों को भी मिली नई जिम्मेदारियां

उपनिरीक्षक आनंद कुमार चौरसिया, जो अब तक मोतीपुर के थानाध्यक्ष थे, उन्हें जनसंपर्क अधिकारी (PRO) बनाया गया है। वहीं, जनसंपर्क अधिकारी हरेंद्र नाथ राय को रानीपुर का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह, जो विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र की धनुही चौकी के प्रभारी थे, उन्हें कोतवाली मूर्तिहा का थानाध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही राम गोविंद वर्मा को सुजौली थाना की कमान सौंपी गई है, जबकि प्रकाश चंद शर्मा को सुजौली से हटाकर अपराध शाखा में तैनात किया गया है।

Also Read: UP: STF की बड़ी कार्रवाई, एक लाख का इनामी बदमाश मुस्तफिजुल रहमान मुठभेड़ में ढेर

पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की कवायद

पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को जिले की पुलिसिंग को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। नई तैनातियों के बाद संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने नए पदों पर कार्यभार संभालने की तैयारी शुरू कर दी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)