Home UP News रायबरेली: जिला अस्पताल से लापता 13 वर्षीय किशोरी बरामद, शादी का झांसा...

रायबरेली: जिला अस्पताल से लापता 13 वर्षीय किशोरी बरामद, शादी का झांसा देकर दरिंदगी करने वाला आरोपी तौसीफ गिरफ्तार

रायबरेली: जिला अस्पताल से करीब दो सप्ताह पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई 13 वर्षीय मासूम बालिका के अपहरण और उसके साथ हुई दरिंदगी का मिलएरिया पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने नई बस्ती देवानंदपुर से किशोरी को सकुशल बरामद करते हुए इस पूरे काले कारनामे में शामिल दो महिलाओं सहित मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

​अस्पताल में तीमारदारी के दौरान जाल में फंसाया

सीओ सिटी आशीष निगम ने बताया कि किशोरी की नानी ने थाना मिलएरिया में तहरीर दी थी कि उसका नाती इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती था। उसकी देख-रेख 13 वर्षीय नातिन कर रही थी। इसी दौरान अस्पताल परिसर से मौका पाकर आरोपी सेवी उर्फ फूलजहाँ और आरती सिंह ने किशोरी को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में टीम गठित कर ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही थी।

शादी का झांसा देकर की दरिंदगी

सीओ ने बताया कि सोमवार को ​पुलिस ने नई बस्ती देवानंदपुर में छापेमारी कर नाबालिग को सकुशल बरामद किया। जांच और पीड़िता के बयानों में यह खौफनाक सच सामने आया कि आरोपी तौसीफ अहमद उर्फ गुड्डू ने किशोरी को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

रातापुर चौराहे से दबोचा गया मुख्य आरोपी

सीओ ने बताया कि मिलएरिया इंस्पेक्टर संजय कुमार ने घेराबंदी करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान तौसीफ अहमद उर्फ गुड्डू निवासी जैदपुर, बाराबंकी, आरती सिंह निवासी नई बस्ती देवानंदपुर, मिलएरिया व सेवी उर्फ फूलजहाँ निवासी बहराना, कोतवाली नगर के रूप में हुई हैं.

आपराधिक इतिहास

आरोपी महिला आरती सिंह का पहले से ही आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मिलएरिया थाने में एससी/एसटी एक्ट और बीएनएस की संगीन धाराओं में दो मुकदमे दर्ज हैं, ​पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)