UP: मिर्जापुर में किन्नर हत्याकांड का खुलासा शराब पिलाकर गला दबाया, ऑटो से ले जाकर ट्रैक किनारे फेंका शव

UP: मिर्जापुर के पड़री थाना क्षेत्र में उसरहवा रेलवे ट्रैक के पास मिले किन्नर के शव मामले का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए ऑटो को भी बरामद कर लिया गया है।

मृतक के साथ रहता था आरोपी, अलग होने को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान सतार खान उर्फ हसीना के रूप में हुई थी। हत्या के आरोप में भदोही जिले के कोइरौना थाना क्षेत्र स्थित चक जीवरानी निवासी 25 वर्षीय सोनू विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मृतक के साथ रहता था और उससे अलग होना चाहता था, लेकिन मृतक द्वारा लगातार ब्लैकमेल किए जाने से वह परेशान था।

Also Read: UP: वाराणसी कैंट स्टेशन पर 1.95 करोड़ की सोने-हीरे की ज्वेलरी बरामद, दो युवक हिरासत में; आयकर विभाग कर रहा जांच

शराब पिलाकर की हत्या, शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंका

आरोप है कि आरोपी ने मृतक को रामनगर बुलाया और वहां उसे शराब पिलाई। नशे की हालत में आरोपी ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को ऑटो से पड़री थाना क्षेत्र के उसरहवा रेलवे ट्रैक के पास ले जाकर फेंक दिया।

हत्या को हादसा दिखाने के लिए शव पर रखा पत्थर

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने घटना को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की थी। इसके लिए उसने शव के गले पर भारी पत्थर रख दिया, ताकि मामला संदिग्ध न लगे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल ऑटो (UP65 QT 2228) को बरामद कर लिया है।

Also Read: UP: सिटी गार्डन मैरिज हॉल में करंट से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, जांच में जुटी पुलिस

आरोपी को न्यायालय भेजा, पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उसे न्यायालय भेजा जा रहा है। इस पूरे मामले के खुलासे में थाना पड़री पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई अहम रही।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)