जौनपुर: कांवड़ यात्रा को लेकर शाहगंज के विधायक रमेश सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार की तैयारियों का दावा करते हुए कहा कि शिवभक्तों की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार कांवड़ियों की सुरक्षित और शांतिपूर्ण यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मीडिया से बातचीत में विधायक रमेश सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, साफ-सफाई, पेयजल और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों को पहले से ही आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं।
विधायक ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों पर लाठियां बरसाई जाती थीं, लेकिन जब से उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनी है, तब से शिवभक्तों का सम्मान किया जा रहा है और उन पर पुष्प वर्षा की परंपरा देखने को मिल रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की गाइडलाइन के अनुसार कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस और मीट की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। उन्होंने आमजन और व्यापारियों से अपील की कि सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करें, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

















































