भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कथित तौर पर पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने अपना इस्तीफा भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने इस फैसले के पीछे निजी कारणों का हवाला दिया है। हालांकि, अब तक न तो भाजपा की ओर से और न ही शहजाद पूनावाला की तरफ से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स में इस्तीफे का दावा
सीएनएन-न्यूज18 ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि पूनावाला ने पार्टी नेतृत्व को अपना इस्तीफा भेज दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने व्यक्तिगत कारणों के चलते यह निर्णय लिया है। फिलहाल पार्टी नेतृत्व की ओर से इस्तीफा स्वीकार किए जाने या आगे की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
एक्स प्रोफाइल में किया बड़ा बदलाव
My updated bio : pic.twitter.com/qGG5s9WMOG
— Shehzad Jai Hind (@Shehzad_Ind) July 30, 2026
इस्तीफे की खबरों के बीच शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रोफाइल में भी बदलाव किया है। उन्होंने अपने बायो से भारतीय जनता पार्टी का उल्लेख हटा दिया है। हालांकि, नए बायो में उन्होंने खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आजीवन अनुयायी बताया है। साथ ही उन्होंने अपने धर्म, सांस्कृतिक पहचान और लेखक होने का भी जिक्र किया है।
2017 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में हुए थे शामिल
शहजाद पूनावाला ने वर्ष 2017 में कांग्रेस पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। उस समय उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए उसे महज औपचारिकता बताया था। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी मिली और वे विभिन्न टीवी बहसों तथा सार्वजनिक मंचों पर पार्टी का पक्ष रखने वाले प्रमुख चेहरों में शामिल रहे।

















































