जौनपुर: शाहगंज नगर के आजमगढ़ रोड स्थित महाराष्ट्र बैंक के बाहर लगा बिजली का ट्रांसफार्मर इन दिनों लोगों के लिए खतरे की वजह बना हुआ है। ट्रांसफार्मर से निकले खुले तार सड़क से कम ऊंचाई पर लटक रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन तारों में करंट प्रवाहित हो रहा है और बरसात के मौसम में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
हैरानी की बात यह है कि इस मामले को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता नेता प्रदीप जायसवाल ने बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत किए जाने का दावा किया है। उनका आरोप है कि शिकायत के एक महीने बीत जाने के बावजूद विभाग ने अब तक खुले तारों को सुरक्षित कराने की कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
Also Read: UP: रायबरेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लंबे समय से फरार चल रहे दो गैंगस्टर दबोचे गए
प्रदीप जायसवाल का कहना है कि महाराष्ट्र बैंक के बाहर से प्रतिदिन सैकड़ों लोग, स्कूली बच्चे और वाहन चालक गुजरते हैं। ऐसे में यदि किसी व्यक्ति के साथ कोई दुर्घटना होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।
यह मामला अब बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब एक जनप्रतिनिधि से जुड़े राजनीतिक पदाधिकारी की शिकायत पर भी कार्रवाई नहीं हो रही है, तो आम लोगों की शिकायतों पर विभाग कितना गंभीर होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
फिलहाल सवाल सिर्फ खुले बिजली के तारों का नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा का है। यदि समय रहते बिजली विभाग ने इस खतरे को दूर नहीं किया और कोई अप्रिय घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? अब देखना होगा कि खबर सामने आने के बाद विभाग हरकत में आता है या फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जाएगा।

















































