UP: सैफई थाना क्षेत्र के नगला बिहारी के पास पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सफारी वाहन में सवार दबंगों ने पहले बाइक सवार युवक का रास्ता रोका और फिर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक का सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। घायल युवक का आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावर उसका मोबाइल फोन और करीब 15 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत पर निगरानी बनाए रखी है।
Also Read: UP: रायबरेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लंबे समय से फरार चल रहे दो गैंगस्टर दबोचे गए
घटना की सूचना मिलते ही सैफई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद तथा दो अज्ञात आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश और क्षेत्र में वर्चस्व को लेकर हुए विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
थाना पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है। यदि जांच में मोबाइल और नकदी ले जाने के आरोप की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराएं भी बढ़ाई जाएंगी। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

















































