UP: सुल्तानपुर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बन्धुआकला पुलिस ने एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में चल रहे अभियान के दौरान बन्धुआकला थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध असलहा लेकर पिकौरा-गढ़ऊपुर मार्ग पर घूम रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ उपनिरीक्षक मो. नासिर कुरैशी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर मनियारपुर निवासी अरमान पुत्र कज्जन (25) को गिरफ्तार कर लिया।
Also Read: UP: जौनपुर में एनकाउंटर, 38 मुकदमों वाला हिस्ट्रीशीटर पुलिस के शिकंजे में
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर थाना बन्धुआकला में मुकदमा संख्या 150/2026, धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध पूर्व में थाना कुड़वार और धनपतगंज में हत्या के प्रयास, गोवध निवारण अधिनियम सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक गतिविधियों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मो. नासिर कुरैशी, कांस्टेबल सद्दाम हुसैन, अखिलेश यादव और रंजीत सोनकर शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध हथियार रखने वालों और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
















































