UP: इटावा थाना जसवंतनगर पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और 120 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार 31 जुलाई 2026 की शाम थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नगला नरिया तिराहे के पास एक संदिग्ध युवक अवैध असलहा लेकर खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को पकड़ लिया।तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक 315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा 315 बोर कारतूस तथा 120 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम साहिल उर्फ रोमियो पुत्र ताज अली, निवासी ग्राम कुरसैन, थाना जसवंतनगर, जनपद इटावा बताया। पुलिस द्वारा हथियार का लाइसेंस मांगने पर वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने बरामद तमंचा और कारतूस को नियमानुसार सील कर कब्जे में लिया तथा आरोपी के विरुद्ध धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और अवैध असलहा रखने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
















































