UP: जसवंतनगर ग्राम नगला बांके में खेत के रास्ते से आने-जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर तनातनी और हाथापाई हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। मामले में दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने कुल नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि सात आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक प्रथम पक्ष में अवधेश, उमेश, बृजेश, दिनेश और राजेश का साला शामिल है। वहीं दूसरे पक्ष से दयाशंकर, जितेंद्र, सुनील उर्फ नीशू और नीतेश उर्फ दीपू को नामजद किया गया है। बताया गया कि खेत के रास्ते से आवागमन को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई।
घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रथम पक्ष के उमेश और द्वितीय पक्ष के दयाशंकर को गिरफ्तार कर लिया। अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
मामले की विवेचना एसआई कोमल चौधरी को सौंपी गई है। थानाध्यक्ष कलम भाटी ने बताया कि पुलिस घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































