मैनपुरी: विकासखंड बेवर क्षेत्र के ग्राम नगला पाण्डेय में मुख्य मार्ग पर लंबे समय से जलभराव और भारी कीचड़ की वजह से सड़क दलदल में तब्दील हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है।
स्थानीय निवासी अश्वनी ने बताया कि यह सड़क मार्ग कुसमरा से रामनगर के लिए जाता है, जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण घरों से निकला गंदा पानी और बारिश का जल सड़क पर ही जमा रहता है।
इसके साथ ही ईंट-भट्ठों पर जाने वाले ट्रैक्टर और डंपर ने सड़क को तोड़कर गड्ढों और कीचड़ में बदल दिया है। इस मार्ग से होकर स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीण मनोज, जितेंद्र, रामकृष्ण, विनोद आदि ने प्रशासन से संज्ञान लेकर सड़क की मरम्मत और जल निकासी का पक्का प्रबंध कराने की मांग की है।



















































