UP: नगर निकायों की योजनाओं में लापरवाही पर डीएम सख्त, ईओ परसपुर को शोकाज नोटिस

गोण्डा: कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जनपद के सभी स्थानीय नगर निकायों में संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, नगरीय झील-तालाब एवं पोखरा, अन्त्येष्टि स्थल, सामुदायिक शौचालय, वन्दन योजना, आकांक्षी योजना, अवस्थापना निधि, 15वें वित्त आयोग और नगरीय गौशाला समेत विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निकायों में संचालित योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही और शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ नियमित निगरानी और भौतिक सत्यापन पर भी जोर दिया गया।

Also Read: UP Election 2027: बीजेपी का ‘कमल साथी’ ऐप बना चुनावी हथियार, AI से होगी बूथ-बूथ की मॉनिटरिंग

बिना सूचना बैठक से गायब रहे ईओ, डीएम ने जताई नाराजगी

समीक्षा बैठक से बिना किसी सूचना के अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत परसपुर अनुराग शुक्ला के प्रति जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारी को शोकाज नोटिस जारी करने और वेतन रोकने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि महत्वपूर्ण समीक्षा बैठकों में अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है और बिना सूचना अनुपस्थित रहने को गंभीरता से लिया जाएगा।

Also Read: UP बीजेपी ने जारी की क्षेत्रीय व मोर्चा प्रभारियों की सूची, राम प्रताप सिंह चौहान को पश्चिमी यूपी की कमान, देखें पूरी लिस्ट

हर विकास कार्य की पहले और बाद की तस्वीर जरूरी

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक विकास कार्य शुरू होने से पहले और कार्य पूर्ण होने के बाद की फोटोग्राफी अनिवार्य रूप से कराई जाए। दोनों चरणों की तस्वीरों को पीपीटी और मीटिंग बुकलेट में प्रस्तुत किया जाए, ताकि कार्य की वास्तविक प्रगति और गुणवत्ता का स्पष्ट सत्यापन हो सकेउन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति रिपोर्ट अद्यतन रखने तथा प्रत्येक परियोजना की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

साथ ही जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और स्वीकृत परियोजनाओं को समय से पूरा कराने पर विशेष जोर दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह, अपर उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता, अपर उपजिलाधिकारी सविता शुक्ला, अपर उपजिलाधिकारी विनीत कुमार समेत विभिन्न नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)