इटावा: इकदिल थाना क्षेत्र के ग्राम कोठी चांदनपुर में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की करीब 30 वर्ष पुरानी प्रतिमा खंडित किए जाने से ग्रामीणों और बाबा साहेब के अनुयायियों में भारी आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और दलित समाज के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि असामाजिक तत्वों द्वारा महापुरुषों की प्रतिमाओं को निशाना बनाकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। प्रतिमा खंडित किए जाने की सूचना मिलते ही इकदिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन की ओर से क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित कराने की कार्रवाई शुरू किए जाने की जानकारी है। वहीं ग्रामीणों ने अम्बेडकर पार्क की स्थायी बाउंड्रीवाल बनवाने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग रखी है।
Also Read: गर्दन दर्द को हल्के में न लें! ये 6 लक्षण हो सकते हैं खतरनाक
ग्रामीणों का कहना है कि करीब तीन दशक पुरानी प्रतिमा से क्षेत्र के लोगों की भावनाएं जुड़ी हैं। ऐसी घटना से लोगों में आक्रोश स्वाभाविक है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार करने तथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि महापुरुषों की प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए स्थायी इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में कोई अराजक तत्व ऐसी हरकत दोबारा न कर सके।



















































