Home UP News UP: मुरादाबाद में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 13.23 हेक्टेयर...

UP: मुरादाबाद में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 13.23 हेक्टेयर जमीन कब्जामुक्त

UP: मुरादाबाद जिले में सरकारी और सार्वजनिक भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने जुलाई माह में बड़े स्तर पर अभियान चलाया। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया के निर्देश पर चारों तहसीलों में कार्रवाई करते हुए कुल 117 गाटों की 13.2384 हेक्टेयर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। इस जमीन की कुल कीमत 12 करोड़ 13 लाख 72 हजार 380 रुपये आंकी गई है।

सार्वजनिक संपत्तियों को कराया गया खाली

प्रशासन की कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक रास्तों, फुटपाथों, सरकारी भूमि और लोकहित के लिए सुरक्षित संपत्तियों से अवैध कब्जे हटाए गए। तहसील स्तर पर चलाए गए अभियान की विस्तृत रिपोर्ट अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने जिलाधिकारी को सौंपी। अधिकारियों को अतिक्रमण संबंधी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

Also Read: ‘फर्जी आय प्रमाण पत्र से चयन का आरोप…’, रायबरेली में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर गिरी गाज

बिलारी में सबसे ज्यादा कार्रवाई

तहसीलवार आंकड़ों के मुताबिक मुरादाबाद तहसील में 3 गाटों की 0.212 हेक्टेयर भूमि खाली कराई गई, जिसकी कीमत 38 लाख 64 हजार 800 रुपये है। बिलारी तहसील में सबसे बड़ी कार्रवाई हुई, जहां 45 गाटों की 3.6619 हेक्टेयर भूमि कब्जामुक्त कराई गई। इस जमीन का मूल्यांकन 7 करोड़ 95 लाख 29 हजार 830 रुपये किया गया है।

ठाकुरद्वारा में 63 गाटों से हटा कब्जा

कांठ तहसील में 6 गाटों की 1.226 हेक्टेयर जमीन अतिक्रमण से मुक्त कराई गई, जिसका मूल्य 81 लाख 6 हजार 500 रुपये है। वहीं ठाकुरद्वारा में 63 गाटों की 7.9305 हेक्टेयर भूमि खाली कराई गई। इसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 98 लाख 71 हजार 250 रुपये बताई गई है।

Also Read: ‘गाली-गलौज, मोबाइल छीना, डाटा डिलीट किया..’, अमेठी में जांच की कवरेज करने गए युवक से अभद्रता

अवैध कब्जे पर आगे भी जारी रहेगा अभियान

जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत सार्वजनिक और लोक महत्व की भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकारी, ग्राम सभा या सार्वजनिक संपत्ति पर किसी भी तरह का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसडीएम और तहसीलदारों को नियमित निगरानी, राजस्व अभिलेखों के सत्यापन और शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)