बांदा: तिंदवारी के सिंघौली गांव में दोपहर को एक ऐसी घटना सामने आई,जिसने पूरे गांव को झकझोर दिया।स्कूल से घर लौटे 5 साल के मासूम ने कमरे में अपनी मां को फंदे पर लटका देखा।मां को इस हालत में देखकर मासूम और उसकी ननद की चीख-पुकार से घर में कोहराम मच गया।सिंघौली निवासी पूनम देवी (30) पत्नी विनोद यादव घर पर थीं।
पति विनोद कस्बे के ईरा ऑटोमोबाइल में काम करने गए थे,जबकि सास-ससुर पशुओं को चराने निकले थे। इसी दौरान ननद खुशबू और पांच वर्षीय बेटा सत्यम स्कूल से घर पहुंचे।कमरे में पहुंचते ही दोनों ने पूनम को फंदे पर लटका देखा।बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन दौड़कर पहुंचे।
Also Read: कुकर के ढक्कन से पत्नी की हत्या, फिर बाथटब में डालकर हादसा दिखाने की कोशिश पति गिरफ्तार
परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बांदा भेज दिया। पूनम की मौत से उसके दो मासूम बच्चों की जिंदगी में बड़ा खालीपन आ गया। सत्यम महज 5 साल का है और आदर्श की उम्र सिर्फ ढाई साल है। दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।
पूनम ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसकी वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































