UP: खुद को जगन्नाथ बताकर करा दिया जमीन का बैनामा, फर्जीवाड़े का आरोपी गिरफ्तार

गोण्डा: कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी तरीके से जमीन का बैनामा कराने के मामले में थाना कोतवाली नगर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कटहाघाट पुल के पास से गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय रवाना कर दिया।

पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली नगर में राज प्रसाद शुक्ल निवासी निराला नगर, गोण्डा ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कल्पनाथ और किंग उपाध्याय ने कूटरचना एवं धोखाधड़ी करते हुए स्वयं को जगन्नाथ प्रदर्शित कर ग्राम रोहांवा स्थित भूमि का 22 जनवरी 2026 को बैनामा करा दिया।

Also Read: कुकर के ढक्कन से पत्नी की हत्या, फिर बाथटब में डालकर हादसा दिखाने की कोशिश पति गिरफ्तार

मामले में थाना कोतवाली नगर में मुकदमा अपराध संख्या 746/2026 के तहत धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3) और 340(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान दोषी पाए गए किंग उपाध्याय उर्फ राहुल पुत्र राजकुमार उपाध्याय, निवासी मन्नीपुरवा डिडिसिया कला, थाना तरबगंज, जनपद गोण्डा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

Also Read:UP: राखी और कलावा उतरवाकर कूड़ेदान में फिंकवाया, टीके मिटाए, क्रिश्चियन स्कूल का मामला, अभिभावकों ने काटा बवाल

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध लखनऊ, नई दिल्ली और गोण्डा के विभिन्न थानों में पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं। इनमें धोखाधड़ी, कूटरचना, जालसाजी समेत अन्य धाराओं में मामले शामिल हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वरी मणि त्रिपाठी, उपनिरीक्षक अजय कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक पिन्टू यादव सहित थाना कोतवाली नगर के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)