UP: बांदा के बिसंडा थाना क्षेत्र के चौसड़ गांव में घरेलू विवाद के बाद एक व्यापारी ने आत्मघाती कदम उठा लिया। गांव निवासी 40 वर्षीय सुनील उर्फ सोना चौरसिया शुक्रवार सुबह अपने कमरे में फंदे पर लटका मिला। परिजनों के मुताबिक, दो दिन से वह मानसिक तनाव में था और गुमटी बंद करने के बाद सीधे गांव लौट रहा था।
पत्नी से विवाद के बाद बदला व्यवहार
सुनील शहर के ई-बस स्टैंड के पास चाय-पान की गुमटी चलाता था और लखन कॉलोनी में परिवार के साथ किराए के मकान में रहता था। परिजनों ने बताया कि बुधवार को किसी घरेलू बात को लेकर उसका पत्नी खुशी से विवाद हुआ था। इसके बाद से उसके व्यवहार में बदलाव दिखाई दे रहा था और वह परेशान रहने लगा था।
Also Read: UP: पुलिस मुठभेड़ में अंतरजनपदीय टप्पेबाज गैंग का खुलासा, 3 शातिर गिरफ्तार, 2 घायल
कमरे से नहीं निकला तो परिजनों ने तोड़ा दरवाजा
शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे सुनील कमरे से बाहर आया और कुछ देर बाद पहली मंजिल स्थित कमरे में चला गया। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह बाहर नहीं आया तो उसकी मां बिट्टन ने आवाज लगाई। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया।
फंदे पर लटका मिला शव
कमरे का दरवाजा खुलते ही सुनील का शव फंदे पर लटका मिला। परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन उसे तत्काल नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मां, पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Also Read: UP: सुसाइड नोट ने खोला राज, युवती की आत्महत्या मामले में चार के खिलाफ मुकदमा
पुलिस कर रही मामले की जांच
बिसंडा थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में घरेलू विवाद के चलते आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।



















































