बरेली: सीबीगंज थाना क्षेत्र से एक महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। महिला का आरोप है कि गांव में चौका-बर्तन का काम करने के दौरान एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बना लिया। बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग के हाथ कथित तौर पर 10 लाख रुपये में बेच दिया गया। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार वह गांव में किराए के मकान में रहती है और घरों में काम करती थी। करीब चार महीने पहले वह एक युवक के यहां काम करने जाती थी। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने उसके साथ जबरदस्ती की और घटना का वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपी वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसे लगातार दबाव में रखता रहा।
महिला का आरोप है कि बाद में उसे रुद्रपुर ले जाया गया, जहां एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। उसका मोबाइल फोन, जेवर और रुपये भी ले लिए गए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे धमकाकर बाहर जाने से रोका जाता था और विरोध करने पर मारपीट की जाती थी। उसने कई लोगों द्वारा उसके साथ जबरदस्ती किए जाने का भी आरोप लगाया है।
महिला के मुताबिक वह किसी तरह वहां से निकलकर सीबीगंज पहुंची। शुक्रवार शाम उसने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए तहरीर दी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी अब भी उसे तलाश रहे हैं और वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहे हैं।
एसएसपी/एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मामले की जांच कर रही है। तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































