UP: सावन के तीसरे सोमवार पर काशी में कांवड़ियों का हेलीकॉप्टर से पुष्प स्वागत

UP: वाराणसी में सावन के तीसरे सोमवार पर श्रद्धा और भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर श्री काशी विश्वनाथ धाम की ओर बढ़ रहे हजारों कांवड़ियों का हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। आसमान से फूल बरसते ही कांवड़ियों में उत्साह भर गया और पूरा कांवड़ यात्रा मार्ग ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से गूंज उठा।

डीएम और पुलिस कमिश्नर ने की पुष्पवर्षा

कांवड़ियों के स्वागत के लिए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल हेलीकॉप्टर से यात्रा मार्ग के ऊपर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने श्रद्धालुओं पर फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया। इससे पहले मेरठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की थी। बरेली के बाद वाराणसी में भी इस पहल ने श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ा दिया।

Also Read: मथुरा: 32 फीट के स्वर्ण-रजत हिंडोले में झूले बांकेबिहारी मंदिर, जयकारों से गूंजा मंदिर

बाबा विश्वनाथ के दरबार में उमड़ा जनसैलाब

सावन के तीसरे सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में शिवभक्त पहुंचे। मंदिर परिसर के बाहर देर रात से ही श्रद्धालुओं की कतारें लग गई थीं। भक्त अपनी बारी का इंतजार करते हुए बाबा विश्वनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए लगातार आगे बढ़ते रहे।

सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की पैनी नजर

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए काशी विश्वनाथ धाम और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। अतिरिक्त पुलिस बल के साथ सादे कपड़ों में जवानों की भी तैनाती की गई है। भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी का सहारा लिया जा रहा है।

Also Read: UP: सावन की महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा सहारनपुर

निर्धारित मार्गों का पालन करने की अपील

प्रशासन ने कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं से निर्धारित यात्रा मार्गों का पालन करने तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। सावन के सोमवार को देखते हुए पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित तरीके से बाबा विश्वनाथ के दर्शन कराए जा सकें।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)