UP: बरेली विद्युत विभाग के लाइनमैन के खिलाफ की गई शिकायत के कथित फर्जी निस्तारण को लेकर अब जांच अधिकारी पर ही सवाल खड़े हो गए हैं। ग्राम बहादुरपुर प्रथम निवासी लोधी महेन्द्रपाल वर्मा पुत्र छेदालाल वर्मा ने संपूर्ण समाधान दिवस प्रभारी को शिकायती पत्र देकर मामले की दोबारा निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, उन्होंने 16 मई 2026 को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में मीरगंज विद्युत विभाग में तैनात लाइनमैन साकिर के खिलाफ भ्रष्टाचार, लापरवाही और उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत की थी। आरोप लगाया गया कि लाइनमैन लंबे समय से एक ही सर्किल में तैनात है और अपने कार्यों के प्रति गंभीरता नहीं बरतता।
शिकायत के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रकरण की जांच इंजीनियर सूर्य प्रताप सिंह को सौंपी गई। महेन्द्रपाल वर्मा का आरोप है कि जांच के दौरान उनका अथवा संबंधित अन्य लोगों का कोई लिखित बयान दर्ज नहीं किया गया। इसके बावजूद शिकायत का निस्तारण कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने जांच रिपोर्ट को तथ्यों से परे बताते हुए उसकी निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं।
Also Read: देवरिया : खाद्य मसाला प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण, बिना लाइसेंस वाले संचालकों को नोटिस
उन्होंने आरोप लगाया कि जांच अधिकारी ने लाइनमैन को बचाने के उद्देश्य से शिकायत का औपचारिक निस्तारण कर दिया। प्रार्थना पत्र में जांचकर्ता और लाइनमैन के बीच कथित मिलीभगत के भी आरोप लगाए गए हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
शिकायतकर्ता ने उच्च अधिकारियों से पूरे मामले की पुनः पारदर्शी जांच कराने, संबंधित अभिलेखों और शिकायत के तथ्यों की जांच करने तथा आरोप सही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































