जौनपुर में कच्चा मकान गिरने से मां-बेटी की मौत, मचा कोहराम

जौनपुर: जौनपुर के शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के राजापुर सहावै गांव में बरसात के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश के कारण उक्त गांव निवासी बिंदू राजभर का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से मां-बेटी मलबे में दब गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

मकान गिरने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबी मां-बेटी को बाहर निकाला। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

Also Read: UP: चाय की चुस्की पर महंगाई की मार! रायबरेली में चीनी के भाव में 33% उछाल

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने बेटी को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं मां की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय मां की भी मौत हो गई।

ALSO READ: UP: भगवा ध्वज-कांवर लेकर निकले शिवभक्त, 105 किमी पैदल चलकर करेंगे जलाभिषेक

एक ही हादसे में मां-बेटी की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। बरसात के मौसम में कच्चे मकान के गिरने से हुई इस घटना ने ग्रामीणों को भी झकझोर कर रख दिया है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)