हाथरस में बढ़ते स्क्रीन टाइम के बीच बच्चों को मोबाइल से दूर कर कागज और कलम से जोड़ने की पहल की गई है। पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा की पहल ‘पंख स्नेल लेटर राइटिंग’ के तहत बुधवार को श्री सीएलआरएन सेकसरिया इंटर कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में एसपी ने छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उन्हें नियमित रूप से पत्र व रचनात्मक लेखन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कागज पर लिखे शब्द सिर्फ शब्द नहीं होते, बल्कि उनमें बच्चों के विचार, भावनाएं, सपने और भविष्य की कल्पनाएं छिपी होती हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बच्चों से कहा कि वे रोज कुछ समय कागज और कलम के लिए जरूर निकालें। बच्चे अपने दिनभर के अनुभव, कोई नया विचार, पढ़ी गई किताब से मिली सीख या अपने भविष्य के सपनों को लिख सकते हैं। इससे उनकी सोचने, समझने, कल्पना करने और अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने की क्षमता विकसित होगी।
‘पंख’ पहल के तहत बच्चों को जीवन मूल्यों, दादा-दादी और नाना-नानी से जुड़ाव, भारतीय होने पर गर्व, समय प्रबंधन, माता-पिता के साथ समय बिताने, राष्ट्र निर्माण में भूमिका और शिक्षा के महत्व जैसे विषयों पर पत्र व लेख लिखने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही स्क्रीन टाइम को स्मार्ट टाइम में बदलने, खेल-किताब और प्रकृति से जुड़ने, बचत की आदत विकसित करने तथा बच्चों के लिए सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण बनाने जैसे विषय भी शामिल किए गए।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों में पत्र लेखन और रचनात्मक अभिव्यक्ति को लेकर उत्साह नजर आया। बच्चों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए और नियमित लेखन की आदत विकसित करने का संकल्प लिया। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मकता को नई दिशा देना और उनके विचारों को ‘पंख’ देना है।

















































