बलिया: उत्तर प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। बलिया बलिदान दिवस पर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने आजम खान, जौहर विश्वविद्यालय की जांच, राम मंदिर से जुड़े मामले और 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर खुल कर अपनी बात रखी।
मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रही सपा
सपा नेता शिवपाल यादव द्वारा आजम खान को भविष्य में गृह मंत्री बनाए जाने से जुड़े बयानों पर पलटवार करते हुए दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि सपने देखने का अधिकार सबको है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने का अधिकार सबको है। समाजवादी पार्टी अच्छी तरह जान रही है कि 2027 के चुनाव में वह दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी। सपा चंद सीटों पर सिमट कर रह जाएगी। यह तमाम बयान उनकी राजनीतिक हताशा को दर्शाते हैं।
Also Read: UP: तिरंगे के साथ निकली बलिया बलिदान दिवस की भव्य रैली, शहीदों को किया नमन
जौहर यूनिवर्सिटी में खुल रही भ्रष्टाचार की परते
जौहर विश्वविद्यालय से जुड़ी जांच पर राज्य मंत्री ने कहा कि निजी स्वार्थ के लिए नियमों को ताक पर रखकर इस यूनिवर्सिटी की शुरुआत की गई थी। उन्होंने कहा, जौहर विश्वविद्यालय में बहुत सारी अनियमितताएं हुई थीं। जांच एजेंसियों को जैसे-जैसे कमियों का पता चल रहा है, वे जांच कर रही है और भ्रष्टाचार की परते धीरे-धीरे खुल रही है।
राम मंदिर मामले पर एसआईटी जांच का किया समर्थन
राम मंदिर निर्माण और चंदा से जुड़े मसले पर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए दानिश आजाद ने कहा कि जांच एजेंसियां निष्पक्षता से अपना काम कर रही है। उन्होंने कहा कि एसआईटी गठित की गई है और जो भी तथ्य व फाइंडिंग्स सामने आ रही है, टीम उसे सार्वजनिक कर रही है।
Also Read: जौहर यूनिवर्सिटी से सरकारी फंड तक…आजम खान के 10 ठिकानों पर ED की ताबड़तोड़ छापेमारी
लोकल टू वोकल, बलिया के सत्तू को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई
बलिया में स्थानीय स्तर पर स्वदेशी और लोकल फॉर वोकल पर बात करते हुए मंत्री ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विजन स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाना है। आज बागी बलिया का ऐतिहासिक खानपान और यहां के सत्तू को वैश्विक पहचान दिलाने का काम हमारी सरकार ने किया है। छोटे दुकानदारों और व्यापारियों को आगे बढ़ना ही सरकार का संकल्प है।

















































