UP: सरकारी स्कूलों में YouTubers की नो एंट्री! बिना अनुमति फोटो-वीडियो बनाया तो होगी सख्त कार्रवाई

UP: उत्तर प्रदेश में ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान को लेकर विरोध के बीच अब सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों की एंट्री को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। बलरामपुर के बाद अयोध्या में भी बेसिक शिक्षा विभाग ने बिना अनुमति बाहरी लोगों के स्कूल परिसर में प्रवेश पर रोक लगा दी है।

बलरामपुर में बीएसए के निर्देश

बलरामपुर के बीएसए विकास चंद्र श्रीवास्तव ने प्रधानाध्यापकों और प्रभारी शिक्षकों को निर्देश दिए हैं कि बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति किसी बाहरी व्यक्ति या यू-ट्यूबर को स्कूल में प्रवेश न दिया जाए। बिना अनुमति फोटो या वीडियो बनाने वालों पर कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए हैं।

Also Read: अब हल्दी से बनेगी आइसक्रीम! BHU ने तैयार की हाई-प्रोटीन हेल्दी डेजर्ट

कर्मचारी संघ ने जताया विरोध

ऑल इंडिया नेशनल पेंशन सिस्टम (एनपीएस) कर्मचारी संघ ने सरकारी स्कूलों के प्रस्तावित ऑडिट पर आपत्ति जताई है। संघ का कहना है कि ऐसी गतिविधियों से शिक्षकों और कर्मचारियों में भय का माहौल बन सकता है। संगठन ने अभियान के तहत होने वाली कार्रवाई पर कानूनी और प्रशासनिक सवाल भी उठाए हैं।

अयोध्या में फोटो-वीडियोग्राफी पर रोक

अयोध्या के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद ने भी आदेश जारी कर बिना अनुमति बाहरी लोगों के स्कूलों में प्रवेश पर रोक लगा दी है। यू-ट्यूबर और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों को बीएसए या सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना स्कूल में प्रवेश नहीं मिलेगा। परिसर में फोटो और वीडियो बनाने पर भी प्रतिबंध रहेगा।

Also Read: UP सरकार का बड़ा कदम, अब सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में आयुष्मान कार्डधारकों को मिलेगा इलाज

पढ़ाई प्रभावित होने का हवाला

विभाग के मुताबिक, कुछ बाहरी लोग बिना अनुमति स्कूलों में पहुंचकर शिक्षकों और विद्यालय की गतिविधियों की फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहे हैं। इससे पढ़ाई प्रभावित होने के साथ विभाग की छवि पर भी असर पड़ रहा है। विभाग ने कहा कि स्कूलों के निरीक्षण के लिए पहले से अधिकारी नामित हैं, इसलिए अनधिकृत प्रवेश तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित रहेगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)