UP: बरेली। थाना शीशगढ़ क्षेत्र के एक गांव में घर में सो रही 16 वर्षीय किशोरी बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। सुबह परिजनों के जागने पर किशोरी बिस्तर पर नहीं मिली तो घर में हड़कंप मच गया। परिजनों ने आसपास के क्षेत्र, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
काफी खोजबीन के बाद परिजनों को गांव के ही एक युवक पर संदेह हुआ। किशोरी की मां ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि गांव निवासी दीपक पुत्र हरपाल ने अपने साथी सौरभ और दर्शन सिंह के साथ मिलकर उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर कहीं भगा लिया है। आरोप है कि जब परिजन तीनों युवकों के घर जानकारी करने पहुंचे तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
Also Read: वाराणसी: गंगा का रौद्र रूप, घाटों तक पहुंचा पानी, नाव संचालन पर प्रशासन ने लगाई रोक
किशोरी की मां ने पुलिस से बेटी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाते हुए किसी अनहोनी की आशंका जताई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दीपक, सौरभ और दर्शन सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना प्रभारी के अनुसार किशोरी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। संभावित ठिकानों पर दबिश देकर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से भी पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि किशोरी के बरामद होने के बाद उसके बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































