सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। नैमिषारण्य थाना क्षेत्र स्थित नारदानंद आश्रम से संस्कृत की पढ़ाई कर रहे तीन छात्र लापता हो गए। तीनों बच्चों के अचानक गायब होने की खबर से आश्रम और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, लापता हुए तीनों छात्र आश्रम में रहकर संस्कृत की शिक्षा ग्रहण कर रहे थे। लापता छात्रों की पहचान आर्यन गुप्ता, हिमांशु पांडे और अनिकेश मिश्रा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों छात्र कक्षा 6 (प्रथम खंड) में अध्ययनरत हैं। तीनों अलग-अलग जिलों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। आर्यन गुप्ता लखनऊ, हिमांशु पांडे हरदोई और अनिकेश मिश्रा अयोध्या के निवासी बताए गए हैं।
Also Read: वाराणसी: गंगा का रौद्र रूप, घाटों तक पहुंचा पानी, नाव संचालन पर प्रशासन ने लगाई रोक
तीनों छात्रों के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर थाना नैमिषारण्य पुलिस के साथ मिश्रिख क्षेत्राधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने आश्रम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जांच शुरू कर दी है।
ALSO READ: UP: मुरादाबाद में रामगंगा का जलस्तर बढ़ा, बाढ़ के खतरे को लेकर प्रशासन सतर्क
बच्चों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर उन्हें अलग-अलग स्थानों पर लगाया गया है। पुलिस आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि तीनों छात्र आखिरी बार कब और किस दिशा में जाते हुए दिखाई दिए।
सीतापुर के पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही तत्काल प्रभाव से SHO नवनीत मिश्रा, मिश्रिख क्षेत्राधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई पुलिस टीमों को बच्चों की तलाश में लगाया गया है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































