UP: जनपद सुल्तानपुर के थाना अखण्डनगर क्षेत्र में सोमवार को चेकिंग के दौरान स्थानीय पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि कुल तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के लाखों रुपये कीमत के आभूषण, एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
ALSO READ: UP: गाजियाबाद के खोड़ा का खूनी खेल, पत्नी और बेटियों पर किया हमला, पूरी कहानी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों में विपिन निषाद उर्फ हाईलैण्ड पुत्र रामदेव निषाद निवासी दामोदरपुर थाना कादीपुर शामिल है, जो पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हो गया। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। इसके अलावा नागेंद्र कुमार उर्फ बबलू पुत्र लालता प्रसाद निवासी मझगांव थाना कादीपुर तथा नीरज पुत्र आशा निवासी अलीपुर कांपा थाना अखण्डनगर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि घायल अभियुक्त विपिन निषाद का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है। उसके खिलाफ कादीपुर थाना क्षेत्र में चोरी, बरामदगी और अन्य गंभीर मामलों के अलावा एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार अभियुक्त नागेंद्र उर्फ बबलू के खिलाफ जौनपुर के सरपतहा तथा सुल्तानपुर के दोस्तपुर और मोतिगरपुर थानों में चोरी एवं अन्य आपराधिक धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि तीनों अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है और बरामद आभूषणों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। आशंका है कि गिरफ्तार बदमाशों का संबंध क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं से भी हो सकता है। पुलिस उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में भी पड़ताल कर रही है। अखण्डनगर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































