अमेठी: अमेठी क्षेत्र के अहिरौली गांव निवासी गोविंद बीते 15 दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। परिजनों के मुताबिक, वह 10 अगस्त को घर से अस्पताल में दवा लेने के लिए निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं आया। काफी समय बीत जाने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चलने से परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी तलाश
गोविंद के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने पहले आसपास के इलाकों में उसकी खोजबीन की। इसके बाद दोस्तों, परिचितों और नाते-रिश्तेदारों से भी संपर्क कर उसके बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया। परिवार ने संभावित स्थानों पर भी तलाश की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला।
Also Read: UP: मछलीशहर में अपराधियों पर शिकंजा!12 अवैध असलहों के साथ कई आरोपी गिरफ्तार
15 दिन बाद भी नहीं मिला कोई सुराग
गोविंद के पिता रामफेर ने थाना अमेठी के थानाध्यक्ष को शिकायती पत्र देकर बेटे की तलाश कराने की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि गोविंद की तबीयत अक्सर खराब रहती है, जिसके चलते उसके अचानक गायब होने से परिवार की चिंता और बढ़ गई है। लंबे समय से कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजन किसी अनहोनी की आशंका से भी परेशान हैं।
बेटे के इंतजार में मां का रो-रोकर बुरा हाल
गोविंद की मां रामदुलारी बेटे के सकुशल लौटने की आस लगाए बैठी हैं। परिवार का कहना है कि 15 दिन से लगातार तलाश के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिलने से सभी लोग बेहद परेशान हैं। परिजनों ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक की जल्द तलाश कर उसे सकुशल बरामद कराने की अपील की है।
पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का दिया भरोसा
इस मामले में थाना अमेठी के एसएचओ शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि युवक के लापता होने की घटना की जांच की जाएगी। पुलिस की ओर से युवक की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और उसके संबंध में उपलब्ध जानकारी के आधार पर सुराग जुटाने का प्रयास किया जाएगा।

















































