अमेठी: चीनी के लगातार बढ़ते दामों को लेकर शासन के निर्देश के बाद अमेठी जिला प्रशासन ने जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में तहसील अमेठी क्षेत्र में बड़े चीनी व्यापारियों के गोदामों और थोक दुकानों पर राजस्व, विपणन एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर स्टॉक की जांच की।
संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर गोदामों में रखी चीनी के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर, खरीद-बिक्री से संबंधित अभिलेख और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की। जांच के दौरान गोदामों में उपलब्ध चीनी का स्टॉक निर्धारित मानक के अनुरूप पाया गया। टीम ने जांच की कार्रवाई पूरी करने के साथ व्यापारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
Also Read: रायबरेली में रक्षाबंधन से पहले कड़वी हुई चीनी! 48 से सीधे पहुंची 65 रुपये प्रति किलो
अधिकारियों ने व्यापारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित सीमा से अधिक चीनी का भंडारण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से चार हजार कुंतल से अधिक चीनी का स्टॉक पाए जाने पर संबंधित व्यापारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने व्यापारियों को स्टॉक का नियमानुसार रखरखाव करने और अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए हैं।
चीनी की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए प्रशासन की ओर से जमाखोरी और कालाबाजारी पर निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि बाजार में कृत्रिम रूप से चीनी की कमी पैदा कर कीमतें बढ़ाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Also Read:UP: चाय की चुस्की पर महंगाई की मार! रायबरेली में चीनी के भाव में 33% उछाल
क्षेत्रीय विपणन अधिकारी हरिश्चंद्र प्रजापति ने बताया कि चीनी की बढ़ती कीमतों को देखते हुए तहसील अमेठी क्षेत्र में दो बड़े गोदामों पर छापेमारी कर स्टॉक की जांच की गई। दोनों स्थानों पर चीनी का स्टॉक निर्धारित मानक के अनुरूप मिला। उन्होंने बताया कि अन्य बड़े व्यापारियों को भी सख्त हिदायत दी गई है कि मानक से अधिक चीनी का स्टॉक जमा न करें। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से बड़े चीनी कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में भी गोदामों और थोक कारोबारियों के यहां जांच का सिलसिला जारी रहेगा।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































