जसवंतनगर: ग्राम धनुआं में पिछले करीब एक महीने से ट्रांसफॉर्मर खराब पड़ा है। बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीण भीषण गर्मी में परेशान हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान न होने पर मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने एकजुट होकर जसवंतनगर बिजलीघर पहुंचकर एसडीओ का घेराव किया और जमकर नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लगा ट्रांसफॉर्मर काफी समय पहले खराब हो गया था। इसके बाद से विद्युत आपूर्ति प्रभावित है। ग्रामीणों ने कई बार संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से शिकायत की, लेकिन अभी तक नया ट्रांसफॉर्मर नहीं लगाया गया। इससे घरों में पंखे, कूलर और अन्य बिजली उपकरण बंद पड़े हैं।
ALSO READ: UP: एक माह से जलजमाव से बेहाल अलीनगर की दलित बस्ती, छात्र नेता ने दी आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित जेई ने ट्रांसफॉर्मर खराब होने की सूचना समय से बिजलीघर के अधिकारियों को नहीं दी। इसी लापरवाही के कारण समस्या लंबी खिंचती चली गई। ग्रामीणों ने कहा कि बिजली विभाग की कार्यप्रणाली से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।
बिजलीघर पहुंच ग्रामीणों ने एसडीओ के सामने अपनी समस्या रखते हुए तत्काल नया ट्रांसफॉर्मर लगवाने की मांग की। साथ ही पूरे मामले की जांच कर लापरवाही बरतने वाले कर्मचारी की जिम्मेदारी तय करने की मांग उठाई।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वह उच्च अधिकारियों से शिकायत कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। एसडीओ ने ग्रामीणों को समस्या के जल्द समाधान का भरोसा दिया।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































