मिर्जापुर : यूपी के मिर्ज़ापुर जिले में वाराणसी-शक्तिनगर नेशनल हाईवे से जुड़ी गंगा नहर सर्विस रोड को बंद कर दिए जाने से छोटे वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि नेशनल हाईवे बनने के बाद से ही स्टेट हाईवे 5 ए-1 को जोड़ने वाला करीब 500 मीटर मार्ग काफी जर्जर हालत में पड़ा हुआ है। हर वर्ष इस मार्ग की मरम्मत भी कराई जाती है,लेकिन महीने भर भी सड़क की स्थिति ठीक नहीं रह पाती।
Also Read:UP: चाय की चुस्की पर महंगाई की मार! रायबरेली में चीनी के भाव में 33% उछाल
जर्जर मार्ग के कारण दोपहिया, तिपहिया और छोटे चार पहिया वाहन चालक अपनी जान-माल की सुरक्षा के लिए गंगा नहर सर्विस रोड का इस्तेमाल करते थे।लेकिन नेशनल हाईवे विभाग द्वारा बड़े-बड़े सीमेंट के ब्लॉक रखकर तथा जेसीबी द्वारा रात के अंधेरे में मिट्टी डालकर इस रास्ते को बंद कर दिया गया है। रास्ता बंद होने से छोटे वाहन चालकों के सामने आवागमन की बहुत बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।बरसात के मौसम में यह जर्जर सड़क छोटे वाहन चालकों के चलने योग्य नहीं है, इस पर यात्रा करने पर हमेशा जान-माल का खतरा बना रहता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर लिंक मार्ग के ठीक होने तक सर्विस रोड को बंद करना जनहित में उचित नहीं है।
Also Read: रायबरेली में रक्षाबंधन से पहले कड़वी हुई चीनी! 48 से सीधे पहुंची 65 रुपये प्रति किलो
वाहन चालकों ने शासन और संबंधित विभाग से मामले का संज्ञान लेकर बंद रास्ते को तत्काल खोलने की मांग की है। अन्न दाता मंच के संयोजक चौधरी रमेश सिंह ने कहा कि सर्विस रोड खुला रहने से छोटे वाहन चालक सुरक्षित रूप से आवागमन कर सकेंगे।इसलिए जब तक नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे को जोड़ने वाला मार्ग दुरुस्त नहीं हो जाता, तब तक सर्विस रोड को आवागमन के लिए कायम रखना अति आवश्यक है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































