Etawah: चकरनगर कस्बे में चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाकर करीब पांच लाख रुपये का माल पार कर दिया। वारदात के 36 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। लगातार हुई चोरी की घटनाओं से कस्बे के लोगों में दहशत और पुलिस के खिलाफ नाराजगी है।
जानिए क्या है पूरा मामला?
अज्ञात चोरों ने रविवार-सोमवार की मध्यरात्रि चंदवीर यादव, डॉ. पुष्पेंद्र कुमार और हाजरा बेगम के सूने मकानों को निशाना बनाया। चोर ताले तोड़कर घरों में दाखिल हुए और नकदी तथा जेवरात समेत करीब पांच लाख रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। इसके अलावा तहसील के पास अनुज त्रिपाठी के मकान में भी चोरी का प्रयास किया गया। चोर मुख्य गेट का ताला तोड़ चुके थे, लेकिन अंदर लगा सेंट्रल लॉक नहीं तोड़ सके। इससे बड़ी चोरी होने से बच गई।
एक ही रात में लगातार वारदातों ने कस्बे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान हो सके। सीओ अभयनारायण राय ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए स्थानीय पुलिस की दो टीमें और एसओजी टीम लगाई गई हैं। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































