बरेली: बरेली थाना मीरगंज क्षेत्र के दियोरिया अब्दुल्लागंज गांव में मंगलवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर नकदी और लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। वारदात के दौरान परिवार के लोग घर में ही अलग-अलग कमरों में सोते रहे, जबकि चोर बक्सों और सेफ को खंगालकर सामान समेट ले गए। बुधवार सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी श्यामलाल पुत्र लालता प्रसाद ने बताया कि मंगलवार रात परिवार के सभी सदस्य रोज की तरह घर के अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुस गए। चोरों ने बक्सों और सेफ में रखा सामान निकालकर एक जगह एकत्र किया और करीब 60 हजार रुपये की नकदी के साथ सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
Also Read:UP: चाय की चुस्की पर महंगाई की मार! रायबरेली में चीनी के भाव में 33% उछाल
पीड़ित के मुताबिक चोरी हुए सामान में सोने की चेन, तगड़ी, हथुली, झुमके, अंगूठी, चांदी की पाजेब, बिछुए और बच्चों के आभूषण समेत अन्य कीमती सामान शामिल है। चोरी गए जेवरात की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
सुबह श्यामलाल की मां दूसरे घर से उठकर उनके घर पहुंचीं तो दरवाजे खुले मिले। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। परिजनों ने सामान की जांच की तो एक छोटा संदूक गायब मिला। खोजबीन के दौरान संदूक पड़ोस के खेत में खाली हालत में पड़ा मिला। आशंका है कि चोर सामान निकालने के बाद संदूक वहीं छोड़ गए।
पीड़ित ने घटना की सूचना मीरगंज पुलिस को देकर तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश की जा रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































