रायबरेली: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए शुरू की गई निःशुल्क बस यात्रा योजना ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ का जनपद स्तरीय शुभारंभ बुधवार को रतापुर स्थित सामुदायिक केंद्र में भव्य रूप से किया गया। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा योजना के फ्लैग-ऑफ और रक्षाबंधन पर महिलाओं को सहयात्री सहित मुफ्त बस यात्रा की सौगात देने के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण उपस्थित लोगों ने देखा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उद्यान एवं कृषि विपणन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने दीप प्रज्वलित कर समारोह की शुरुआत की। इस अवसर पर सलोन विधायक अशोक कुमार, जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता और अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ भी मौजूद रहे।
विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों का सम्मान
समारोह के दौरान बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा महिला कल्याण विभाग की मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की पात्र बालिकाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जननी सुरक्षा योजना की लाभार्थियों को 1400 के डमी चेक प्रदान किए गए। साथ ही, सभी उपस्थित पात्र महिलाओं को साड़ी और मिष्ठान देकर सम्मानित किया गया।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम
मुख्य अतिथि दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन को प्राथमिकता दे रही है। यह योजना वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों और रिश्तेदारों तक सुगम यात्रा में मदद करेगी। सलोन विधायक अशोक कुमार और जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी ने कहा कि रक्षाबंधन पर बहनों को सहयात्री संग मुफ्त यात्रा की सुविधा देना सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।
कार्यक्रम का सफल संचालन एस.एस. पांडेय ने किया। इस दौरान जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































